चौदह दिसंबर को मिलेगा उत्तर प्रदेश भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष

राजेश शर्मा, अपराध क्यों? संवाददाता, लखनऊ। उत्तर प्रदेश भाजपा में नया प्रदेश अध्यक्ष चौदह दिसंबर को तय हो जाएगा। शुक्रवार को पार्टी की ओर से चुनाव संबंधी पूरा कार्यक्रम घोषित किया गया। आज प्रदेश परिषद सदस्य सूची के प्रकाशन के साथ प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के निर्वाचन की समय-सारिणी भी सार्वजनिक की गई।
तेरह दिसंबर को दोपहर दो से तीन बजे तक प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पद तथा राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के लिए नामांकन भरे जाएंगे। इसी दिन शाम चार से पाँच बजे के बीच नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी।
चौदह दिसंबर को प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों की घोषित सूची जारी की जाएगी और आवश्यक होने पर मतदान की कार्यवाही भी कराई जाएगी।
नामांकन प्रक्रिया में प्रस्तावक के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित संगठन के प्रमुख नेता उपस्थित रह सकते हैं। यह भी माना जा रहा है कि इस बार प्रदेश अध्यक्ष के चयन में संगठन की मजबूती, जमीनी सक्रियता और व्यापक स्वीकार्यता को प्रमुख आधार बनाया गया है।



