खेल

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका तीसरा टेस्ट: रोमांचक मोड़ पर पहुंचा निर्णायक टेस्ट, DRS पर भारी विवाद, अफ्रीका लक्ष्य से 111 रन दूर

एल्गर को नॉटआउट दिए जाते ही DRS पर फूटा कोहली एंड कंपनी का गुस्सा, स्टंप माइक पर निकाली भड़ास, के एल राहुल बोले-पूरा देश 11 लोगों के खिलाफ खेल रहा है। भारत को जीत के लिए 8 विकेट की दरकार।

केपटाउन टेस्ट में जीत के लिए साउथ अफ्रीका ने 212 रन के टारगेट का पीछा करते हुए तीसरे दिन स्टंप्स तक अपनी दूसरी पारी में दो विकेट खोकर 101 रन बना लिए हैं। कीगन पीटरसन 48 रन बनाकर नाबाद पिच पर हैं। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने मेजबान टीम के कप्तान डीन एल्गर को विकेट के पीछे कैच कराया। इसी विकेट के साथ स्टंप्स की घोषणा कर दी गई।

ऋषभ पंत का शतक, रचा इतिहास
भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने दक्षिण अफ्रीका में इतिहास रच दिया है। उन्होंने सीरीज के अंतिम मुकाबले में शानदार शतक लगाया है। पंत ने दूसरी पारी में अपने करियर का चौथा शतक लगाया है। यह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनका पहला शतक है। इस शतक के साथ पंत दक्षिण अफ्रीका में शतक लगाने वाले एशिया के पहले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं।
दक्षिण अफ्रीका के मैदान पर भारत के लिए सबसे बड़ी पारी महेंद्र सिंह धोनी ने खेली थी। उनका यहां उच्चतम स्कोर 90 रन था। पंत ने उनके रिकॉर्ड को तोड़ने के साथ श्रीलंका के महान विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगकारा को भी पीछे छोड़ दिया हैं। दक्षिण अफ्रीका में संगकारा का उच्चतम स्कोर 89 रन हैं। बता दें की अब तक ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के अलावा किसी भी विदेशी विकेटकीपर ने दक्षिण अफ्रीका में शतक नहीं लगाया हैं।

DRS पर भारी विवाद
विवाद की शुरुआत अफ्रीका की दूसरी पारी के 21वें ओवर से शुरू हुई। यह ओवर आर अश्विन का था। ओवर की चौथी गेंद अश्विन ने राउंड द विकेट आकर फेंकी और अफ्रीकी कप्तान डीन एल्गर डिफेंड करने की कोशिश में चूक गए और बॉल पैड पर जा लगी। टीम इंडिया ने LBW की अपील की और अंपायर ने भी एल्गर को आउट करार दिया।
पहले तो अंपायर के फैसले से एल्गर भी सहमत नजर आ रहे थे, लेकिन उन्होंने फिर DRS की मांग की। अश्विन की गेंद डीन एल्गर के पैड पर घुटने से नीचे लगी थी। ऐसी परिस्थिति में खिलाड़ी का नॉट आउट होना लगभग नामुमकिन होता है, लेकिन हॉकआई के हिसाब से गेंद स्टंप्स के ऊपर से जा रही थी। जिसके चलते थर्ड अंपायर ने एल्गर को नॉटआउट दे दिया। नतीजा ऑन-फील्‍ड अंपायर को फैसला बदलना पड़ा। इसके बाद तो कप्तान कोहली का रिएक्शन देखने लायक था। बिग स्क्रीन की ओर टकटकी लगए देख रहे कोहली विश्वास ही नहीं कर पाए।
तीसरे अंपायर के इस फैसले से फील्ड अंपायर मराय इरासमस भी हैरान थे। इरासमस ने अपना फैसला बदलते हुए भी कहा ‘यह समझ से परे है’। थर्ड अंपायर का फैसला सामने आने के बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली और पूरी टीम काफी हताश नजर आई।
कोहली के गुस्से के बाद केएल राहुल और अश्विन भी काफी गुस्से में नज़र आये। राहुल का कहना था कि पूरा देश हमारे 11 खिलाड़ियों के खिलाफ खेल रहा है। ओवर समाप्त हो जाने के बाद अश्विन ने अफ्रीकी ब्रॉडकास्टर सुपरस्पोर्ट को लेकर स्टंप माइक पर कहा- “तुम्हें जीतने के बेहतर तरीके ढूंढने चाहिए, सुपरस्पोर्ट”।

बता दें चौथे दिन साउथ अफ्रीका को सीरीज जीतने के लिए 111 रनों की जरूरत है। वहीं, भारत को 8 विकेट की दरकार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button