बड़ी खबरेंमेरठ

मेरठ: सहारनपुर से दिल्ली जा रही पैसेंजर ट्रेन में दो कोच में लगी आग, पैसेंजर्स ने बाकी डिब्बों को धक्का देकर अलग किया

मेरठ: मेरठ में शनिवार सुबह सहारनपुर से दिल्ली जा रही पैसेंजर ट्रेन में यहां दौराला स्टेशन पर आग लग गई। आग लगने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

मेरठ में शनिवार सुबह दौराला स्टेशन पर सहारनपुर से दिल्ली जा रही पैसेंजर ट्रेन के दो कोच में भीषण आग लग गई। जैसे ही धमाके के साथ कोच से धुआं उठना शुरू हुआ यात्री कोच से बाहर आने लगे। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रेलवे के अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट होने से कोच में आग लगी है।

करीब 7:15 बजे ट्रेन दौराला स्टेशन पर रुकी थी। रोजाना की तरह दैनिक यात्री ट्रेन आने का इंतज़ार कर रहे थे। इस ट्रेन से काफी संख्या में दिल्ली नौकरीपेशा यात्री सफर करते है। तभी कुछ लोगों की नजर ट्रेन के इंजन के निचले हिस्से पर गई। उसमें से धुआं निकल रहा था। कोच में आग लगने पर तुरंत ही यात्रियों ने अन्य कोच से बाहर निकलना शुरू कर दिया। हालांकि, कोच में आग पूरी तरह फैल गयी थी।

सवारिया तेजी से नीचे उतर गई। जो डिब्बों के आसपास खड़े थे, वह भी दूर कर दिए गए। सहारनपुर दिल्ली पैसेंजर ट्रेन के दो कोच में आग लगने के बाद अन्य कोच को बचाने के लिए यात्रियों ने धक्का लगाकर ट्रेन को आगे खिसकाया। बताया गया कि यात्रियों ने खुद ट्रेन के अन्य कोचों को अलग करते हुए धक्का लगाकर स्टेशन की ओर बढ़ाया।

दौराला रेलवे स्टेशन पर सहारनपुर-दिल्ली पैसेंजर में आग लगने के बाद दिल्ली-मेरठ रूट भी प्रभावित हो गया है। सुबह के समय कई महत्वपूर्ण ट्रेन वाया मेरठ होकर देहरादून और दिल्ली के लिए जाती हैं। सबसे महत्वपूर्ण ट्रेन दिल्ली से देहरादून के बीच चलने वाली शताब्दी है। शताब्दी को मेरठ सिटी स्टेशन पर रोका गया है। वहीं इसके अलावा जम्मू से चलकर वाया मेरठ होकर दिल्ली जाने वाली शालीमार एक्सप्रेस को सकौती स्टेशन पर रोका गया है। वहीं प्रयागराज से चलकर वाया मेरठ, सहारनपुर को जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस को भी सिटी स्टेशन पर रोका गया है। इसके अलावा कई अन्य ट्रेनें भी अभी मुजफ्फरनगर खतौली स्टेशन पर रोकी गई हैं। हवा तेज होने के कारण आग को पूरी तरह बुझाने का कार्य प्रभावित हो रहा है।

दिल्ली मेरठ रेल यातायात तीन घंटे से अधिक ठप रहने के बाद खोल दिया गया है। दिल्ली से देहरादून के बीच चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस को सिटी स्टेशन पर एक घंटे 43 मिनट खड़े रखना पड़ा। इसके बाद शताब्दी एक्सप्रेस को अब देहरादून की ओर चला दिया गया है।

मेरठ से मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाली ट्रेनों का संचालन 10:30 बजे शुरू कर दिया गया। जिसके बाद मेरठ सिटी स्टेशन पर खड़ी शताब्दी और नौचंदी एक्सप्रेस को मुजफ्फरनगर की ओर रवाना किया गया। हालांकि मुजफ्फरनगर की ओर से मेरठ आने वाली ट्रेनों का संचालन अभी शुरू नहीं हो पाया है। अभी तक एक भी ट्रेन सिटी स्टेशन नहीं पहुंची है। खतौली से जनशताब्दी चल पड़ी है। शालीमार एक्सप्रेस भी दो से तीन घंटे लेट है। दिल्ली अंबाला इंटरसिटी भी अभी मुजफ्फरनगर की ओर से नहीं आई है। वहीं उत्कल एक्सप्रेस और सुपर एक्सप्रेस भी कई घंटे की देरी से चल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button